गोरखपुर पहुंचे नवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, सर्किट हाउस में हुआ भव्य स्वागत

प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अभिनंदन, नई जिम्मेदारी के लिए दी शुभकामनाएं

गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ औपचारिक स्वागत, अधिकारियों ने विकास कार्यों को नई गति मिलने की जताई उम्मीद

पायनियर संवाददाता। गोरखपुर

उत्तर प्रदेश कैडर के 2009 बैच के आईएएस अधिकारी एवं गोरखपुर के नवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह के जनपद आगमन पर गुरुवार को सर्किट हाउस में उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सर्किट हाउस पहुंचने पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, अपर आयुक्त जय प्रकाश, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सीआरओ हिमांशु वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, ओएसडी प्रखर उत्तम, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर सूर्य प्रकाश गुप्ता, नायब तहसीलदार देवेंद्र यादव, अरविंद पांडेय सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।इसके बाद नवागत मंडलायुक्त को औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इस दौरान सर्किट हाउस का वातावरण गरिमामय और उत्साहपूर्ण बना रहा। अधिकारियों ने उन्हें गोरखपुर मंडल में सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ होगी।अधिकारियों ने कहा कि इंद्र विक्रम सिंह का प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली गोरखपुर मंडल के समग्र विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मंडलायुक्त को दी गई भावभीनी विदाई

गोरखपुर। गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त रहे वर्ष 2008 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल ढींगरा को बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त सभागार में भावभीनी विदाई दी गई। शासन ने उनका स्थानांतरण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में आवास आयुक्त, निदेशक नगर भूमि सीमारोपण तथा आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सचिव के पद पर किया है। विदाई समारोह में जिलाधिकारी दीपक मीणा, गीडा के सीईओ अनुज मलिक, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने तीन वर्ष एक माह के कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि अनिल ढींगरा ने विकास कार्यों की नियमित समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण और समयबद्ध क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी।

उनके नेतृत्व में ‘गोड़ धोइया नाला’ और ‘विरासत गलियारा’ जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को नई गति मिली। समारोह में उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में अनिल ढींगरा ने कहा कि गोरखपुर में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से ही बेहतर कार्य संभव हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता टीमवर्क पर निर्भर करती है और हर कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सभी अधिकारियों की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारियों में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का विश्वास जताया।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *