जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग

  • 15 दमकल वाहनों की मदद से आग पर पाया गया काबू
  • समय रहते खाली कराया गया भवन
  • कोई जनहानि नहीं; आग लगने के कारणों की जांच शुरू

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। हजरतगंज स्थित बहुमंजिला सरकारी कार्यालय जवाहर भवन में सोमवार सुबह करीब 9:55 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन के पिछले हिस्से में स्थित चौथी मंजिल के एक कार्यालय में लगी। धुआं उठता देख कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू दिया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना हजरतगंज पुलिस और हजरतगंज फायर स्टेशन से तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।

आग की गंभीरता को देखते हुए शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए। कुछ ही देर में कुल 15 अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंच गए और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अग्निशमन कर्मियों ने पुलिस के सहयोग से भवन के भीतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और आग को अन्य कार्यालयों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। दमकल कर्मियों ने धुएं से भरे हिस्सों में पहुंचकर आग बुझाई और पूरे परिसर को सुरक्षित किया।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है तथा वर्तमान में स्थिति सामान्य है। हालांकि आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। संबंधित विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और क्षति की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *