फर्जी बैनामे से 45 लाख की ठगी, छह आरोपी गिरफ्तार

कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कराया था जमीन का बैनामा, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद

पायनियर संवाददाता। बाराबंकी

कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी बैनामे के जरिए 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले छह आरोपियों को बदोसराय पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को सफदरगंज थाना क्षेत्र के चन्दवारा गांव निवासी कृष्णावती पत्नी स्वर्गीय रामहरख ने तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने 7 मई को टिकैतनगर थाना क्षेत्र के डेरेराजा निवासी बंशीलाल की भूमि का बैनामा कराया था। बाद में पता चला कि असली बंशीलाल की जगह एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कराया गया और उनसे 45 लाख रुपये, जिसमें 15 लाख रुपये आरटीजीएस तथा 30 लाख रुपये नकद शामिल हैं, धोखाधड़ी से हड़प लिए गए।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गठित टीम ने शनिवार को मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से मामले का खुलासा करते हुए सुनील कुमार वर्मा, रविनन्दन द्विवेदी, विनोद कुमार, राजकुमार, नन्दकिशोर तथा बंशी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने डेरेराजा गांव की 13 बीघा जमीन दिखाकर बंशी को फर्जी बंशीलाल बनाकर पीड़िता के पुत्र के सामने पेश किया और 45 लाख रुपये में सौदा तय कर तहसील सिरौलीगौसपुर में बैनामा करा दिया। बाद में जमीन पर कब्जा लेने के दौरान पीड़िता को धोखाधड़ी की जानकारी हुई। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *