पीलीभीत को रेल विकास की बड़ी सौगात, टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का शुभारंभ

शाहजहांपुर तक बढ़ी टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर, दैनिक यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने दिखाई हरी झंडी, उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक रेल संपर्क हुआ और मजबूत

पायनियर संवाददाता। पीलीभीत

जिले के रेल यात्रियों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में दो महत्वपूर्ण रेल सेवाओं का शुभारंभ कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के संचालन की शुरुआत कराई तथा टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन को शाहजहांपुर तक विस्तारित किए जाने का शुभारंभ भी किया।
समारोह के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा नई ट्रेनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाए जाने के कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।

नई साप्ताहिक टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस उत्तराखंड को महाराष्ट्र स्थित सिखों के पवित्र तीर्थ हुजूर साहिब नांदेड़ से सीधे जोड़ेगी। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी और उत्तर भारत की पश्चिमी एवं मध्य भारत से रेल संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि नांदेड़-टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 12 जुलाई से नांदेड़ से प्रत्येक रविवार तथा 14 जुलाई से टनकपुर से प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा।

इसके साथ ही लंबे समय से चली आ रही स्थानीय मांग को पूरा करते हुए टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का विस्तार शाहजहांपुर तक कर दिया गया है। अब यह ट्रेन पीलीभीत से आगे शाहजहांपुर तक चलेगी, जिससे दोनों जनपदों के बीच प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों, छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र की स्थानीय परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुदृढ़ होगी।

समारोह में विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, पूरनपुर विधायक बाबू राम पासवान के प्रतिनिधि ऋतुराज पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरुभाग सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, पूरनपुर नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। नई रेल सेवाओं के शुभारंभ से पीलीभीत जिले की रेल कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलने के साथ ही यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *