तहसील दिवस में जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतों की भरमार

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। सरोजनीनगर तहसील में शनिवार को एसडीएम अंकित शुक्ला की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिसमें भूमि विवाद, अवैध कब्जा व दाखिल-खारिज संबंधी कई शिकायतें दर्ज हुईं। संपूर्ण समाधान दिवस में गौरी निवासी सुधीर कुमार यादव ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनकी भूमि खसरा संख्या 711, 712 और 713 पर मोहित यादव, देवेश यादव और अभिषेक मिश्रा अपने साथियों के साथ मिलकर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी रास्ता बंद कर रहे और विरोध करने पर मारपीट भी करते हैं। उसका आरोप है कि संबंधित लोग सरकारी भूमि पर कब्जा कर प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

पीड़ित ने जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। इसी तरह अधिवक्ता अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बंथरा थाना क्षेत्र के गोंदौली निवासी प्रदीप कुमार के मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित लेखपाल आजाद वर्मा पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। लेखपाल ने दाखिल-खारिज प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक पत्रावली पर पांच हजार रुपए के हिसाब से कुल 15 हजार रुपए की मांग की गई। रुपए न मिलने पर अभिलेखों में गलत टिप्पणियां दर्ज कर दाखिल-खारिज प्रक्रिया प्रभावित की गई। साथ ही भूमि के अभिलेखों में भ्रामक विवरण दर्ज किए जाने का भी आरोप लगाया।

वहीं बिजनौर के नटकुर स्थित मुल्लाहीखेड़ा निवासी बुजुर्ग विधवा महिला पियारा ने अपने पुश्तैनी मकान और भूमि विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन की निशानदेही के दौरान कुछ लोगों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इसी प्रकार बेहटवा निवासी साहिल उर्फ लल्लन ने भी शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनकी भूमि पर एटीएस कर्मियों ने जबरन पिलर लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सक्षम अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर भूमि का चिन्हांकन कराने की मांग की। इसके अलावा अन्य कई फरियादियों ने भी अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। फिलहाल संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *