अयोध्या के राम मंदिर में दानपात्र से कथित गबन के आरोपों के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर को मिले चढ़ावे और आय का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान मंदिर को नकद, ऑनलाइन, विदेशी दान और बैंक ब्याज सहित कुल 363.34 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में राम भक्तों ने मंदिर को लगभग 20 किलो सोना और 1300 किलो चांदी भी अर्पित की है।
चंपत राय के अनुसार, वर्ष 2023-24 में मंदिर परिसर के आधिकारिक काउंटरों पर 53 करोड़ रुपये का दान मिला, जबकि मुख्य दानपात्र से 24.75 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। ऑनलाइन माध्यमों जैसे यूपीआई और नेट बैंकिंग के जरिए श्रद्धालुओं ने 71 करोड़ रुपये का योगदान दिया। वहीं, एफसीआरए के तहत विदेशों से करीब 11 करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ।
ट्रस्ट की आय में सबसे बड़ा योगदान बैंक जमा पर मिलने वाले ब्याज का रहा। चंपत राय ने बताया कि विभिन्न बैंकों में जमा निधियों पर ट्रस्ट को 204 करोड़ रुपये की शुद्ध ब्याज आय प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नकद दान देकर राम मंदिर के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की है।










