निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हुआ हादसा
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे श्रमिक की हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और मकान मालिक ने गंभीर रूप से झुलसे श्रमिक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय छोटू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बहराइच जिले का निवासी था। वह परिवार के भरण-पोषण के लिए लखनऊ के मानकनगर क्षेत्र में किराये पर रहकर मजदूरी का कार्य करता था।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे छोटू पारा चौकी के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर अन्य मजदूरों के साथ निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान काम करते समय उसका हाथ मकान के पास से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन से छू गया। करंट की तेज चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। हादसा होते ही मौके पर मौजूद मजदूरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में साथी श्रमिकों ने मकान मालिक की सहायता से उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
एडिशनल इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा कार्य के दौरान बिजली लाइन की चपेट में आने से होना पाया गया है। पुलिस के मुताबिक परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










