90 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में 30 बच्चों का पहला जत्था हुआ रवाना

- आईटीआई प्रधानाचार्य ने हरी झंडी दिखाई
पायनियर संवाददाता । उरई (जालौन)
पं. दीनदयाल उपाध्याय विशेष आवासीय 90 दिवसीय प्रशिक्षण के लिये जनपद के ग्रामीणांचल के बालक, बालिकाओं के पहले जत्थे को सोमवार को आईटीआई उरई प्रधानाचार्य मानसिंह भारती ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर आईटीआई प्रधानाचार्य मानसिंह भारती ने बताया कि पं. दीनदयाल विशेष प्रशिक्षण जो कानपुर देहात में आयोजित हो रहा है जिसमें 90 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संचालित हो रहा है। जिसमें जनपद के ग्रामीण अंचल के 30 छात्र-छात्राओं का पहला बैच उरई आईटीआई से रवाना किया गया है। जो प्रशिक्षण में शामिल होकर दक्ष होेंगे इसके बाद उन्हें विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिये अवसर मिलेगा। और जो बच्चे अपना निजी व्यवसाय करना चाहते हैं वह अपनी स्वेच्छा से कर सकते हैं। श्री भारती ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान में जनपद के सभी ब्लाकों में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणांचल के बालक, बालिकाओं को प्रशिक्षण में शामिल होने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि उप्र कौशल विकास योजना में भी 360 से लेकर 600 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि बच्चे प्रशिक्षित होकर आत्मनिर्भर बन सके।



