-आदर्श मंडी क्षेत्र में ग्रामीणों का हंगामा, आरोपी की गिरफ्तारी और 20 लाख मुआवजे की मांग
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम कार की टक्कर से बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने की सूचना पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण बधेव बाईपास चौराहे पर एकत्र हुए और हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
गांव बधेव निवासी रोहन उर्फ रोमी मालेंडी मार्ग स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। बुधवार शाम काम खत्म करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। गांव के पास पहुंचते ही सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल रोहन को सहारनपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद रोहन का शव गांव पहुंचना था। ग्रामीणों को जानकारी मिली कि पुलिसकर्मी शव को दूसरे रास्ते से ले जा रहे हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बधेव बाईपास चौराहे पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने करीब 10-10 मिनट तक दो बार हाईवे जाम किया। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर दो थानों की पुलिस, पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी के साथ मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। क्षेत्राधिकारी सिटी जितेंद्र यादव और एएसपी सदर सचिन राजपूत ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें अभी तक शव नहीं सौंपा गया है और पुलिस शव को किसी अज्ञात स्थान पर ले गई है। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। सीओ सिटी जितेंद्र यादव ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश तेज की जाएगी। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।