-दुकानदार के खाना खाने घर जाते ही हुई वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत, सराफा कारोबारियों में नाराजगी
खतौली। कस्बे के कानूनयान बड़ा बाजार में दोपहर एक ज्वेलर्स की दुकान में दिनदहाड़े चोरी से हड़कंप मच गया। दुकानदार के कुछ देर के लिए खाना खाने घर जाने का फायदा उठाकर चोर दुकान में घुसा और गल्ला तोड़कर नकदी व सोने की पुड़िया चोरी कर ली। इसके अलावा दुकान के बाहर रखा रिपेयरिंग का चांदी का सामान भी चोर समेटकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद सराफा कारोबारियों में रोष है।
आरोही ज्वेलर्स के संचालक प्रिंस आजाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 अगस्त को करीब 2:15 बजे वह दुकान बंद कर खाना खाने घर चले गए थे। दुकान के बाहर उन्होंने अपना बोर्ड लगा दिया था। करीब 15 मिनट बाद एक अज्ञात व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और गल्ला तोड़ दिया। दुकानदार के मुताबिक चोर गल्ले में रखी करीब आठ ग्राम सोने की एक पुड़िया और करीब 1.30 लाख रुपये की नकदी लेकर निकल गया। इसके अलावा दुकान के बाहर रखा करीब 300 ग्राम रिपेयरिंग का चांदी का सामान भी चोरी कर लिया गया। दुकानदार के वापस लौटने पर गल्ला टूटा मिला और सामान गायब था। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें संदिग्ध दुकान के अंदर चोरी करता हुआ दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही सराफा कारोबारियों में नाराजगी फैल गई। व्यापारियों ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात कर घटना का जल्द पर्दाफाश करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।