यूनिटी बी एफसी ने 12वीं जिला फुटबॉल लीग के सेमीफाइनल में बनाई जगह
क्वाटरफाइनल मुकाबले में नेशनल पीजी कॉलेज को 2-1 से किया पराजित

लखनऊ। 12वीं जिला फुटबॉल लीग 2026 के तहत लामार्टिनियर बेकर ग्राउंड पर खेले गए चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यूनिटी बी एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल पीजी कॉलेज को 2-1 गोल से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। यूनिटी बी एफसी की ओर से अम्मान आगा और लारेब ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नेशनल पीजी कॉलेज की ओर से अधिकारी ने 59वें मिनट में गोल कर टीम की वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी।
मुकाबले में यूनिटी बी एफसी ने शुरुआत से ही बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और अपने दोनों गोल के दम पर जीत सुनिश्चित की। नेशनल पीजी कॉलेज की टीम ने भी अंत तक संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित समय तक स्कोर 2-1 ही रहा।
प्रतियोगिता में कल दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में एएमसी रिकॉर्ड एफसी और इंद्रा स्पोर्टिंग एफसी के बीच भिड़ंत होगी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में यूनिटी बी एफसी का मुकाबला एपिक्स स्ट्राइकर्स एफसी से होगा।
दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह है। इन मुकाबलों के विजेता फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित करेंगे।



