रणजी ट्रॉफी: बड़ौदा के 355 रन के जवाब में यूपी का जोरदार पलटवार, आदर्श-माधव शतक के करीब
उत्तर प्रदेश ने बिना विकेट गंवाए बनाए 196 रन,यूपी अब बड़ौदा के पहली पारी के स्कोर 355 रन से 159 रन पीछे है।

रघुबीर शर्मा
कानपुर। ग्रीन पार्क में रणजी ट्रॉफी एलीट 2026-27 के मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने बड़ौदा के खिलाफ शानदार पलटवार किया। करण शर्मा की घातक गेंदबाजी (पांच विकेट) के बाद सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह और माधव कौशिक ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से बड़ौदा के गेंदबाजों को बेबस कर दिया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक यूपी ने पहली पारी में 55 ओवर में बिना किसी नुकसान के 196 रन बना लिए। आदर्श 92 और माधव 89 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाज शतक से महज कुछ रन दूर हैं। यूपी अब बड़ौदा के पहली पारी के स्कोर 355 रन से 159 रन पीछे है।
करन शर्मा का पंजा, कार्तिक यादव के चार विकेट
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बड़ौदा की टीम ने ध्रुव एन. पटेल के शानदार शतक की बदौलत 115.3 ओवर में 355 रन बनाए। ध्रुव ने 124 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, यूपी के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर बड़ौदा को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। करन शर्मा ने शानदार फिरकी का प्रदर्शन करते हुए पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि कार्तिक यादव ने चार विकेट हासिल किए। यश दयाल को एक सफलता मिली।
आदर्श-माधव की शतकीय साझेदारी
355 रनों के लक्ष्य के जवाब में यूपी के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने संभलकर शुरुआत की और बाद में रन गति को तेज किया। आदर्श सिंह ने 148 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 92 रन बनाए। वहीं, माधव कौशिक ने 179 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौकों की मदद से नाबाद 89 रन ठोके। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 196 रनों की अटूट साझेदारी हो चुकी है। दिन का खेल खत्म होने तक बड़ौदा के गेंदबाज यूपी का एक भी विकेट नहीं ले सके। दूसरे दिन यूपी की नजरें दोनों बल्लेबाजों के शतक पूरे करने के साथ बड़ौदा की बढ़त खत्म कर पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल करने पर होंगी।



