पत्नी और मासूम की मौत के बाद तीसरी मंजिल से कूदा पति, वीडियो में बताई पूरी कहानी

कविता। पलवल
पलवल के रजपुरा गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने पत्नी द्वारा संबंध बनाने से मना करने पर उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसी दौरान डेढ़ माह का मासूम बेटा रोने लगा तो आरोपी ने उसका भी गला दबा दिया। पत्नी और बेटे की मौत के बाद आरोपी काफी देर तक शवों के पास बैठा रहा। नशा उतरने पर उसने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना में उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के सामने आए आरोपी सोहिल के वीडियो में वह कथित तौर पर घटना की रात की पूरी कहानी बता रहा है। उसके अनुसार, 18 अगस्त की रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। पत्नी शगुफ्ता और डेढ़ माह का बेटा सो रहे थे। उसने पत्नी के पास जाने और संबंध बनाने की इच्छा जताई, लेकिन शगुफ्ता ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में सोहिल ने पत्नी की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया। इसी दौरान पास सो रहा मासूम जुहान जाग गया और रोने लगा। आरोपी ने उसे भी चुप कराने की कोशिश की, लेकिन जब बच्चा नहीं चुप हुआ तो उसका गला दबा दिया।

शगुफ्ता की शादी वर्ष 2023 में रजपुरा गांव निवासी सोहिल से हुई थी। दोनों की करीब तीन साल की एक बेटी भी है। डेढ़ माह पहले ही शगुफ्ता ने बेटे जुहान को जन्म दिया था। परिवार में बेटे के जन्म के बाद से ही विवाद होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। मृतका के पिता रौनक अली ने आरोप लगाया कि बेटे के जन्म के बाद ससुराल पक्ष ने छुछक की रस्म में कार की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर शगुफ्ता के साथ मारपीट की गई और उसे 15 अगस्त को मायके छोड़ दिया गया। बाद में पंचायत में समझौता होने के बाद 17 अगस्त को शगुफ्ता को एसी और 50 हजार रुपये देकर ससुराल भेजा गया था। रौनक अली का आरोप है कि 18 अगस्त को शगुफ्ता ने फोन कर पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद 20 अगस्त की सुबह उसकी बेटी और नाती की हत्या की सूचना मिली।
सदर थाना प्रभारी हरी किशन के अनुसार, मृतका के पिता की शिकायत पर पति सोहिल समेत 11 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका और बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी सोहिल का उपचार भी चल रहा है।