विद्युत चोरी रोकने के लिए शक्ति भवन पर चली एक दिवसीय कार्यशाला

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के शक्ति भवन मुख्यालय में नवागंतुक निरीक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अधिकारियों को विद्युत चोरी के मामलों की विवेचना में तकनीकी, विधिक और प्रक्रियात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई।
यूपीपीसीएल के पुलिस महानिदेशक डॉ. आरके स्वर्णकार ने विद्युत राजस्व सुरक्षा, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, इनपुट प्रणाली को मजबूत करने और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मामलों की प्रभावी विवेचना के साथ ही उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया। कार्यशाला में विधिक प्रावधान, समन शुल्क, विवेचना निस्तारण की प्रक्रिया, पोर्टल एवं डेटा संचालन, तकनीकी निगरानी और विद्युत ग्रिड से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों को विद्युत चोरी से संबंधित मामलों में प्रक्रिया का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने की जानकारी दी गई। कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक मध्यांचल डिस्कॉम मोनिका यादव, विधिक प्रावधान एवं समन शुल्क से संबंधित विनोद कुमार सिंह, तकनीकी एवं निगरानी पुलिस अधीक्षक द्वितीय अशोक कुमार, पोर्टल एवं डेटा संचालन पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



