वार्षिकोत्सव में नृत्य करते समय मंच पर अचेत होकर गिरी छात्रा, मची अफरा-तफरी

-काफी देर तक मंच पर अचेत पड़ी रही छात्रा, कॉलेज प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
पायनियर समाचार सेवा, खतौली। जीटी रोड स्थित चौधरी हरबंस सिंह कन्या डिग्री कॉलेज के वार्षिकोत्सव समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रही एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्रा मंच पर ही अचेत होकर गिर पड़ी। आरोप है कि छात्रा काफी देर तक मंच पर अचेत अवस्था में पड़ी रही, लेकिन शुरुआत में आयोजकों का ध्यान उसकी ओर नहीं गया। बाद में छात्रा को अचेत अवस्था में देखकर कॉलेज प्रशासन में अफरातफरी मच गई। आयोजक छात्रा को उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले गए और उसे चिकित्सकीय सहायता दिलाई गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार को कॉलेज में वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया जा रहा था। इस दौरान छात्राओं ने लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए। साथ ही नवरात्र के अवसर पर नवदुर्गा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई। इसी दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल एक छात्रा अचानक मंच पर गिर गई और अचेत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा काफी देर तक मंच पर पड़ी रही। वहां मौजूद कुछ लोगों को शुरुआत में लगा कि यह नृत्य का ही कोई दृश्य होगा, लेकिन जब छात्रा काफी देर तक नहीं उठी तो आयोजकों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ। इसके बाद छात्रा को मंच से उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और चिकित्सा सहायता के लिए भेजा गया। घटना के बाद कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे। सवाल यह भी है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल ध्यान क्यों नहीं दिया गया और मंच पर उसकी स्थिति का समय रहते पता क्यों नहीं चल सका। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले छात्रा की तबीयत कैसी थी और आयोजन के दौरान चिकित्सा सहायता की क्या व्यवस्था थी, यह भी जांच का विषय है। हालांकि, छात्रा की तबीयत बिगड़ने के कारण और उसकी वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी।



