पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सरोजनीनगर इलाके में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और चालक उसे करीब दो किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा कर डंपर को बिजनौर थाना क्षेत्र में पकड़ लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक मोहनलालगंज के रानीखेड़ा स्थित हरिकंशगढ़ी निवासी रामसेवक यादव (50) रविवार को अपने साढ़ू सीतापुर अटरिया के नकरहा गांव निवासी रामू यादव (45) के घर गए थे।

गुरुवार को दोनों एक ही बाइक से किसान पथ होते हुए हरिकंशगढ़ी लौट रहे थे। तभी दोपहर करीब 1:30 बजे सरोजनीनगर में दरोगाखेड़ा स्थित कानपुर रोड और गहरू अंडरपास के बीच किसान पथ पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डंपर में फंस गई। बाइक चला रहे रामू यादव और पीछे बैठे रामसेवक यादव सड़क पर गिर पड़े, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भाग निकला और बाइक को लगभग दो किलोमीटर तक घसीटता रहा।

सड़क पर घिसटती बाइक देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सरोजनीनगर पुलिस ने डंपर का पीछा कर उसे बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर अंडरपास के पास पकड़ लिया। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि रामसेवक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रामसेवक के परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, पुत्र रिंकू यादव और तीन विवाहित बेटियां सुदामा, रेखा और बबली हैं। वहीं रामू यादव के परिवार में पत्नी अंजू, बेटा निखिल और बेटी शगुन हैं।










