एएनटीएफ ने 30 लाख का गांजा, दो मोबाइल, एक महिंद्रा एक्सयूवी कार और नगदी बरामद की
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। एएनटीएफ थाना गाजीपुर की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। जहां पुलिस ने कब्जे से 42.670 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा दो मोबाइल, एक महिंद्रा एक्सयूवी कार और 220 रुपए नकद बरामद किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु तिवारी पुत्र भईमन तिवारी, निवासी पगारपुर, थाना सभापुर, जिला सतना (मध्य प्रदेश) और मनोहर झा पुत्र मोती कान्त झा, निवासी लाल कुआं श्रीराम एन्क्लेव, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
जहां पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों साझेदार हैं और आपस में पैसा लगाकर उड़ीसा से गांजा सस्ते दामों में खरीदकर लाते थे। आरोपियों को एक व्यक्ति ने महिंद्रा एक्सयूवी कार उपलब्ध कराई थी। साथ ही उड़ीसा से गांजा लाकर सप्लाई करने के लिए कहा था।
इसके बदले उन्हें मुनाफा मिलता था और उसी रकम से दोबारा गांजा खरीदकर उसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी इसी उद्देश्य से उड़ीसा से गांजा लेकर जा रहे थे और रास्ते में पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और गांजा तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।