शहीद पथ पर हुआ दर्दनाक हादसा, एक की मौत,तीन गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बीबीडी थाना क्षेत्र में किसान पथ पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार तेल टैंकर ने एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताएं जा रहे हैं,जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे किसान पथ स्थित रेगुलेटर के पास हुआ। तेल टैंकर संख्या (यूपी 32 ईएन 6802) ने ट्रैक्टर संख्या (यूपी 32 डीई 5480) को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पर सवार चार लोग घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही बीबीडी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान मिश्रीलाल पुत्र पाचू लाल (50) निवासी ग्राम पारा, पोस्ट रजोली, थाना गुडम्बा, लखनऊ की मौत हो गई। मिश्रीलाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में मौजूद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे में घायल अन्य लोगों की पहचान शहजाद (26), तौहीर (28) और सलीम (40) के रूप में हुई है।
तीनों घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल तेल टैंकर को कब्जे में ले लिया है। वहीं टैंकर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से हुई। मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। किसान पथ पर बढ़ते यातायात और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।










