मेडिकल कॉलेज गेट पर छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन
हॉस्टल में लाइट व पानी न आने से थी नाराजगी
हेमन्त पाठक। गोण्डा
जनपद के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार देर शाम करीब 8 बजे हॉस्टल में बिजली व पानी की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी करना शुरू कर दिया। ये छात्र-छात्राएं पिछले 48 घंटों से हॉस्टल में बिजली व पानी की आपूर्ति न मिलने से नाराज थे। छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के गेट के बाहर आकर महाविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी किया। नारेबाजी व प्रदर्शन की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, सीओ सिटी आनंद राय, नगर कोतवाल बिंदेश्वरीमणि त्रिपाठी, जेल चौकी प्रभारी सुधांशु पाठक एवं चौकी प्रभारी सिविल लाइन पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
सिटी मजिस्ट्रेट ने छात्र-छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनकर उसके निराकरण का आश्वासन दिया। साथ ही मौके पर बिजली कर्मचारियों को बुलाकर बिजली ठीक कराई, तब जाकर छात्राएं शांत हुए और अपने हॉस्टल को रवाना हुए। प्रदर्शनकारी छात्र हॉस्टल में परेशानी है, बिजली है न पानी है जैसे नारे लगा रहे थे। उनका आरोप है कि शिकायत करने पर उनकी समस्याओं को अनसुना कर दिया जाता है और कोई समाधान नहीं होता। छात्रों ने बताया कि 48 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो बिजली मिली है और न ही पानी। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली न होने पर यहां जनरेटर भी नहीं चलाया जाता है।
छात्रों ने बताया कि महाविद्यालय की प्रिंसिपल मौके पर मौजूद नहीं हैं, जिससे उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे महाविद्यालय गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने भी छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. बीना से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में उन्हें आए दिन तमाम प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रिंसिपल उनकी सुनने को तैयार नहीं हैं। जिला प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा एवं सीओ सिटी आनंद राय के मौके पर पहुंचने और लाइट आने के बाद ही छात्र-छात्राएं मेडिकल कॉलेज गेट से अपने हॉस्टल को रवाना हुए।










