केडी सिंह बाबू और चौक स्टेडियम में नए कोर्ट व जिम का काम 3 माह में होगा पूरा

  • परियोजना के लिए 617.13 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि पहली किस्त के रूप में 308.56 लाख रुपये जारी हुए।

लखनऊ,पायनियर खेल संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार ने राजधानी की खेल अवस्थापनाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केडी सिंह बाबू स्टेडियम और चौक स्टेडियम के विभिन्न निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों को अगले तीन माह के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को खेल विभाग के सचिव सुहास एल.वाई. ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हुई समीक्षा बैठक में कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के साथ परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल के नवीनीकरण का कार्य किसी भी स्थिति में आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण किया जाए। इस परियोजना के लिए शासन ने 1.85 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति पहले ही जारी कर दी है। परियोजना के तहत बैडमिंटन हॉल का आधुनिकीकरण, विद्युत व्यवस्था, प्लंबिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।

इसके साथ ही चौक स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल और बास्केटबॉल कोर्ट के नवीनीकरण, नए जिम हॉल तथा नए बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। इस परियोजना के लिए 617.13 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि प्रथम किश्त के रूप में 308.56 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी जारी कर दी गई है।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि परियोजनाओं में लापरवाही या देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में यह भी कहा गया कि प्रदेश सरकार खेल अवस्थापनाओं के सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

Senior Sports Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *