नई टिहरी। चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे ने टिहरी जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में थौलधार ब्लॉक के ग्राम गँवाल निवासी 31 वर्षीय प्रदीप पंवार की मौत हो गई। आज देर शाम तक प्रदीप का शव उनके गांव पहुंचेगा। प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार प्रदीप पंवार ग्राम गँवाल, पोस्ट ऑफिस काफलपानी, ब्लॉक थौलधार ब्लॉक क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया गया कि उनकी 13 अप्रैल को ही ग्राम हटवाल गांव, सत्यों निवासी युवती से शादी हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने नवविवाहित पत्नी और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों के अनुसार प्रदीप के परिवार में उनके पिता, भाई, भाभी, पत्नी और छोटा भाई हैं। कुछ समय पहले ही उनकी माता का भी निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार पहले से ही दुख के दौर से गुजर रहा था। अब प्रदीप की अचानक मौत ने परिवार को एक और गहरे सदमे में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि पीपलकोटी में टनल हादसे के दौरान तीन बार तेज हवा के झटके महसूस किए गए। झटके इतने तेज थे कि बाहर तैनात गार्ड भी गिर पड़े। इसके बाद टनल के भीतर पानी का बहाव अचानक काफी तेज हो गया। हादसे के दौरान कई लोगों को पानी के तेज बहाव के बीच से तैरते हुए बाहर निकाले जाने की भी जानकारी सामने आई है प्रदीप की मौत की सूचना उनके गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी के महज कुछ महीनों बाद पति को खोने वाली उनकी पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
पीपलकोटी की निर्माणाधीन टनल में हुए इस हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। घटना ने निर्माणाधीन सुरंगों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Report- सोनू उनियाल