सीपीआर प्रशिक्षण देकर लोगों को सिखाई जीवन बचाने की कला

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। विश्व हृदय दिवस पर मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पाण्डेय कॉम्प्लेक्स में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोगों को हृदय स्वास्थ्य के साथ अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में किए जाने वाले जरूरी उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. आशीष रॉय ने लोगों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने बताया कि हृदय गति रुकने पर शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में सही तरीके से दिया गया सीपीआर जीवन बचाने में मददगार हो सकता है। प्रतिभागियों को छाती पर दबाव देने की सही तकनीक और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि स्वस्थ हृदय के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव पर नियंत्रण, पर्याप्त नींद और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है। उन्होंने आमजन से हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इस मौके पर विनीत मिश्रा, अशोक सिंह, विपिन कुमार समेत मैक्स अस्पताल के सहयोगी तथा जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



