सांसद हरेंद्र मलिक और विधायक पंकज मलिक को पुलिस ने दिल्ली में रोका

-जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पार्टी कार्यालय जाने से रोके जाने पर सपा नेताओं ने सरकार के रवैये पर उठाए सवाल
मुजफ्फरनगर। वोट चोरी के खिलाफ जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र सिंह मलिक और चरथावल विधायक पंकज मलिक को शनिवार को दिल्ली के जनपथ रोड पर पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने दोनों नेताओं को आगे नहीं बढ़ने दिया। इस कार्रवाई को लेकर सपा नेताओं ने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत बताया।
दरअसल सांसद हरेंद्र सिंह मलिक और विधायक पंकज मलिक जंतर-मंतर पर वोट चोरी के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। इसके अलावा दोनों नेता समाजवादी आंदोलन के प्रेरणास्रोत मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर पार्टी कार्यालय भी जाना चाहते थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें जनपथ रोड पर रोक लिया। इस संबंध में सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे जन प्रतिनिधियों को रोकना सरकार के तानाशाही रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन में शामिल होने से रोकना भी लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। हरेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से लोकतांत्रिक अधिकारों, संविधान और जनता की आवाज की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तानाशाही रवैया अपनाकर जनता और छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।



