लखनऊ, पायनियर खेल संवाददाता । यूपीटी20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से लखनऊ में शुरू होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुकाबला काशी रुद्राक्ष और गत चैंपियन मेरठ मेवेरिक्स के बीच खेला जाएगा। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की बेहतरीन क्रिकेट प्रतिभाओं का जलवा देखने को मिलेगा, जहां खिलाड़ी देश के सबसे तेजी से उभरते घरेलू टी20 प्लेटफॉर्म पर अपनी छाप छोड़ने के लिए उतरेंगे।
कानपुर सुपरस्टार्स के बल्लेबाज समीर रिजवी ने लीग की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और युवा खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों की सराहना करते हुए कहा कि,यूपीटी20 लीग देश के सबसे बड़े घरेलू टी20 टूर्नामेंटों में से एक बन चुकी है।
उत्तर प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और यह लीग युवा क्रिकेटरों को अपनी क्षमता दिखाने और करियर में आगे बढ़ने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करती है। हर सीजन के साथ टूर्नामेंट और बड़ा हो रहा है, जिससे खिलाड़ियों के लिए और अधिक अवसर पैदा हो रहे हैं। समीर ने आगे कहा कि,यूपीटी20 युवा क्रिकेटरों के लिए बहुत बड़ा मौका है।
कई खिलाड़ियों ने इसी मंच के जरिए आईपीएल तक का सफर तय किया है।ट्रायल्स भी बेहद प्रतिस्पर्धी होते हैं, जहां सैकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ी जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। जैसा कि हम अक्सर कहते हैं, ‘खिलाड़ी यहां बनता है’, यही वह जगह है जहां खिलाड़ियों का निर्माण होता है। हम उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने हमें ऐसा मंच उपलब्ध कराया।
कानपुर सुपरस्टार्स अपने यूपीटी20 लीग 2026 अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को नोएडा किंग्स के खिलाफ भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ में करेंगे।
टूर्नामेंट का पहला चरण लखनऊ में आयोजित किया जाएगा, इसके बाद प्रतियोगिता का कारवां कानपुर पहुंचेगा, जहां 28 अगस्त को काशी रुद्राक्ष और नोएडा किंग्स आमने-सामने होंगे। कानपुर में ही पूरा नॉकआउट चरण, समापन समारोह और ग्रैंड फाइनल का आयोजन होगा। क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर 3 सितंबर को, क्वालीफायर-2 4 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि 6 सितंबर को फाइनल में दो सर्वश्रेष्ठ टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
यूपी टी20 लीग से ही मिली रिजवी को असली पहचान
समीर रिजवी ने 2020 में उत्तर प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया, लेकिन उन्हें असली पहचान 2023 की यूपी टी20 लीग से मिली। उन्होंने उस सीजन में 455 रन बनाए और 35 छक्के जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया। शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें 2024 के आईपीएल आॅक्शन में मिला, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। इसके बाद 2025 के मेगा आॅक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 95 लाख रुपये में खरीदा। यूपी टी20 लीग से आईपीएल तक का उनका सफर युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बन गया है।










