पत्थर नसब के नाम पर किसान से मांगी 10 हजार की रिश्वत, राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

शुकुल बाजार, पायनियर संवाददाता। अमेठी जनपद के मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक संतराम को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के एक किसान से हदबरारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद पत्थर नसब कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी।
किसान की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और मंगलवार को बाजार शुकुल कस्बे में राजस्व निरीक्षक को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कस्बे में खलबली मच गई। वहीं, राजस्व विभाग में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि किसान ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



