कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस सजग, तैयार होगा रिस्पॉन्स प्लान

मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक ने चार राज्यों के अफसरों के साथ की समन्वय बैठक

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। श्रावण मास के दौरान होने वाली कांवड़ यात्रा व महाशिवरात्रि के अवसर पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुद्रढ़ करने के लिए सोमवार को पुलिस महानिदेशक ने बैठक कर निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक संभावित परिस्थिति के लिए रिस्पॉन्स प्लान तैयार किए जाए साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों में एटीएस एवं अन्य पुलिस बलों की भूमिका एवं रिस्पॉन्स मैकेनिज्म स्पष्ट रूप से निर्धारित किए जाए। सीएम योगी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल व पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण की अध्यक्षता में मेरठ मंडलायुक्त सभागार में उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान एवं दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अन्तर्राज्यीय समन्वय बैठक की गयी। बैठक में उत्तराखण्ड से एडीजी एलओ वी मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक गढवाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, हरियाणा से पुलिस महानिरीक्षक करनाल परिक्षेत्र अशोक कुमार, राजस्थान से एडीजी एलओ विजय कुमार सिंह, दिल्ली से संयुक्त पुलिस आयुक्त साउथ रेंज विजय कुमार के द्वारा भौतिक रूप से प्रतिभाग किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पँवार, एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे, पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक जनपद बुलन्दशहर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, हापुड़, शामली एवं अन्य अधिकारीगण द्वारा प्रतिभाग किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव उप्र शशि प्रकाश गोयल ने कहा कि इस वर्ष दिल्ली–सहारनपुर इकोनॉमिक एक्सप्रेस-वे एवं गंगा एक्सप्रेस-वे के संचालन के दृष्टिगत विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की गई है। जिसकी जानकारी समय से जनसामान्य एवं काँवड़ संघों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय, संवेदनशील एवं मर्यादित व्यवहार, तथा किसी भी संभावित अवांछित गतिविधि की रोकथाम के लिए अभिसूचना तंत्र को सक्रिय एवं सतर्क रखने पर बल देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी राज्यों एवं विभागों के समन्वित प्रयासों से काँवड़ यात्रा-2026 सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होगी। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि काँवड़ यात्रा सम्पूर्ण मेरठ क्षेत्र का सबसे बड़ा वार्षिक आयोजन है।

जिसमें अनेक जनपद एवं विभिन्न राज्यों की सहभागिता होने के कारण अन्तर्राज्यीय एवं अन्तर्जनपदीय समन्वय ही इसकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का ग्राउंड लेवल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी न रहने पाए। पुलिस महानिदेशक ने इस बात पर बल दिया कि काँवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व ही प्रत्येक काँवड़ संघ, शिविर एवं डीजे संचालक तथा स्थानीय आयोजकों के साथ वार्ता कर उन्हें यात्रा की व्यवस्थाओं, माननीय उच्च न्यायालय के आदेश एवं डीजे के निर्धारित मानकों से अवगत करा दिया जाए।  उन्होंने निर्देशित किया कि स्थानीय पुलिस, बीट स्टाफ एवं क्षेत्रीय अधिकारी, काँवड़ यात्रा से संबंधित स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से काँवड़ संघों एवं संबंधित पक्षों के साथ सतत संवाद एवं समन्वय बनाए रखें, ताकि संवादहीनता की कोई स्थिति उत्पन्न न हो तथा किसी भी संभावित विवाद का स्थानीय स्तर पर समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इसके आलावा पुलिस महानिदेशक ने कहा कि इस वर्ष का लक्ष्य जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पिछले वर्ष की तुलना में हुए उल्लेखनीय सुधार को आगे बढ़ाते हुए सभी राज्यों एवं जनपदों के समन्वित प्रयासों से इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने सही एवं प्रमाणिक सूचना के मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से त्वरित प्रसारण तथा सोशल मीडिया पर फेक न्यूज एवं अफवाहों के त्वरित खण्डन एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस महानिदेशक ने यात्रा के प्रारम्भिक दिनों में अनुशासन, निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा श्रद्धालुओं के प्रति पुलिस के संवेदनशील, संयमित एवं मर्यादित व्यवहार को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यात्रा का प्रारम्भिक वातावरण ही पूरे आयोजन की दिशा निर्धारित करता है।

अंत में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि सीमाएँ भले ही अलग-अलग राज्यों की हों, किन्तु कार्यप्रणाली, समन्वय एवं वास्तविक समय में सूचनाओं का आदान-प्रदान एक समान एवं सतत रहना चाहिए।  बैठक के उपरांत पुलिस महानिदेशक ने मेरठ पुलिस लाइन स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर  का निरीक्षण किया। मेरठ जोन कार्यालय में नवस्थापित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, साइबर मॉनिटरिंग सेल एवं अपराध शाखा भवन का उद्घाटन किया।  पुलिस महानिदेशक ने मुजफ्फरनगर का भ्रमण कर शिव चौक पर काँवड़ यात्रा की सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन योजना, काँवड़ कंट्रोल रूम, सीसीटीवी एवं ड्रोन निगरानी, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन सहित काँवड़ सम्बन्धी समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। तत्पश्चात रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर स्थित सभागार में सहारनपुर परिक्षेत्र के जनपद मुजफ्फरनगर, सहारनपुर एवं शामली की काँवड़ यात्रा से सम्बन्धित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *