पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र के जॉगर्स चौराहे पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में निजी अस्पताल की एक नर्स की मौत हो गई। पूरी रात अस्पताल में मरीजों की सेवा करने के बाद घर लौट रही युवती को मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल नर्स को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक साधना (26) वर्ष पुत्री राम विशुन, जनपद उन्नाव के पनापुर कलां लगलेसरा गांव की निवासी थीं और दुबग्गा स्थित विकल्प अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थीं।
मंगलवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं। सुबह करीब 8:30 बजे जॉगर्स चौराहे पर सड़क पार करते समय मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली (यूपी 32 एलपी 1910) की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के दौरान ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें भरी मौरंग सहित साधना उसके नीचे दब गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल साधना को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची दुबग्गा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद साधना की जान नहीं बचाई जा सकी। इस संबंध में थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है विधिक कार्रवाई की जाएगी










