निर्मल आश्रम के रक्तदान शिविर में 72 लोगों ने किया रक्तदान
बरसी समागम के दूसरे दिन आयोजित हुआ 19वां शिविर, एक यूनिट रक्त से बच सकती है तीन लोगों की जान

रजनी गोयल
ऋषिकेश। निर्मल आश्रम अस्पताल की ओर से रविवार को निर्मल आश्रम परिसर में 19वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय बरसी समागम के दूसरे दिन परिवर्तन चैरिटेबल ब्लड सेंटर, ऋषिकेश के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ महंत बाबा राम सिंह जी महाराज ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में रक्तदान और मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेना चाहिए। मानव सेवा से आत्मिक शांति मिलती है। संत जोध सिंह जी महाराज ने चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निर्मल आश्रम की ओर से संचालित जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया। शिविर में 72 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दिया।
निर्मल आश्रम अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि एक यूनिट रक्त को तीन अलग-अलग घटकों में विभाजित कर जरूरतमंद मरीजों को दिया जा सकता है, जिससे तीन लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है। उन्होंने रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए बताया कि संस्था की ओर से वर्ष में दो बार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर वी.डी. नौटियाल, राजकुमार, डॉ. इंदू शर्मा, संदीप चौधरी, अमन रंधावा, अनिल किंगर, कुलदीप सिंह, करमजीत सिंह, चरणजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, गुरजिंदर सिंह, दिनेश शर्मा, गुरदीप सिंह और दविंदर सिंह भट्टी सहित श्रद्धालु एवं शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



