डिप्रेशन में चल रही युवती ने फंदे से लटककर दी जान

- कमरे में मिला शव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ इंस्टाग्राम पर बनाती थी रील
- मॉडलिंग में भी थी सक्रिय; पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर शुरू की जांच
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। थाना गुडम्बा क्षेत्र के टेढ़ी पुलिया के पास किराए के मकान में रह रही 21 वर्षीय युवती ने फंदे से लटककर जान दे दी। युवती प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाने और मॉडलिंग का काम भी करती थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थी। पुलिस के मुताबिक, बक्शी का तालाब क्षेत्र के इंदारा गांव निवासी स्वाति सिंह (21) अपनी बड़ी बहन पूर्णिमा और भाई प्रिंस के साथ टेढ़ी पुलिया के पास किराये के मकान में रहती थी। गुरुवार देर शाम उसकी बड़ी बहन पूर्णिमा ड्यूटी के बाद भाई प्रिंस के साथ दीपावली की तैयारी के लिए गांव चली गई थी।
उस समय स्वाति कमरे में अकेली थी। शुक्रवार सुबह काफी देर तक स्वाति का फोन नहीं उठने पर मन आशा देवी ने मकान मालिक को सूचना देकर कमरे में जाकर देखने को कहा। मकान मालिक मौके पर पहुंचे और कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो स्वाति का शव साड़ी के सहारे पंखे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वाति की बड़ी बहन पूर्णिमा ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में रह रही थी। पिता रंजीत सिंह खेती-किसानी करते हैं। तीन भाई-बहनों में स्वाति दूसरे नंबर पर थी। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



