नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में इंटर कॉलेज का प्रधानाचार्य गिरफ्तार

-नई मंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर की कार्रवाई, शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद भेजा जेल
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाचार्य मोहित सिंघल को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के अग्रोहा शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहित सिंघल ने उनकी बेटी को अपने कार्यालय में बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। सीओ मंडी राजू साव ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर मामले से संबंधित जानकारी जुटाई। शनिवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।



