घायलों को बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और आग पर काबू पाने का अभ्यास
नकुड़। राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल अभ्यास के तहत सतगुरु इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी में अचानक आग लगने की स्थिति पैदा की गई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एसडीएम निधि भारद्वाज, तहसीलदार जसमेंद्र सिंह, पुलिस, 108 एंबुलेंस के साथ डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। सतगुरु कॉलेज में अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दरअसल यह पूरी कवायद राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का हिस्सा थी। आग की सूचना पर विभिन्न विभागों की टीमों के मौके पर पहुंचने, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और आग पर काबू पाने की कार्रवाई का वास्तविक घटनाक्रम की तरह अभ्यास किया गया। अभ्यास में नगर पालिका प्रशासन, विद्युत आपदा टीम, कोतवाली नकुड़, अग्निशमन टीम तथा स्वास्थ्य विभाग ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। होमगार्ड कमांडर के नेतृत्व में नकुड़, गंगोह होमगार्ड तथा कॉलेज स्टाफ के 10 सदस्यों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने राहत-बचाव प्रक्रिया का निरीक्षण कर विभागों के बीच समन्वय और तैयारियों को परखा। एसडीएम निधि भारद्वाज ने कहा कि आपदा के समय नागरिकों की रक्षा कैसे करनी है, इसके लिए यह अभ्यास था। इस तरह की मॉक ड्रिल शासन के निर्देश पर होती रहती है। इस दौरान नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र सक्सेना, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमन गोपाल, थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध, फायर ब्रिगेड व नगरपालिका अधिकारी मौजूद रहे।