–युवक के साथ लखनऊ लौटने की फिराक में थी छात्रा, इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी दोनों की पहचान; लखनऊ पुलिस अपने साथ ले गई
पायनियर समाचार सेवा, खतौली। लखनऊ से लापता नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को बुधवार को खतौली रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया। छात्रा एक युवक के साथ लखनऊ जाने की तैयारी में थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने दोनों को रोककर पुलिस को सूचना दी। खतौली पुलिस ने छात्रा और युवक को कोतवाली लाकर पूछताछ की तथा लखनऊ पुलिस को घटना की जानकारी दी। गुरुवार को लखनऊ पुलिस खतौली पहुंची और दोनों को अपने साथ ले गई। बताया गया कि छात्रा 20 अगस्त से अपने परिवार से लापता थी। इस संबंध में लखनऊ में उसके अपहरण का मुकदमा भी दर्ज बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा की युवक से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ से निकलने के बाद हिन्दू समाज की छात्रा खतौली पहुंची थी और बुधवार से पहले एक रात खतौली के बिदड़ीवाड़ा क्षेत्र में दूसरे समाज के युवक के घर पर रुकी थी। बुधवार को दोनों के लखनऊ वापस जाने की जानकारी कुछ लोगों को हुई। इसके बाद खतौली रेलवे स्टेशन पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी दौरान विश्व हिंदू महासंघ के जिला उपाध्यक्ष चंदरपाल राजपूत की टीम ने दोनों को स्टेशन पर रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। दोनों के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही स्टेशन परिसर में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक यह स्थिति बनी रही कि मामले में जीआरपी कार्रवाई करेगी या खतौली की सिविल पुलिस। दोनों पक्षों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति रही। बाद में हंगामे की स्थिति को देखते हुए खतौली पुलिस ने छात्रा और युवक को अपनी हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। खतौली पुलिस ने लखनऊ पुलिस को मामले की जानकारी दी और छात्रा के परिजनों को भी सूचना दी गई। गुरुवार को लखनऊ पुलिस की टीम खतौली पहुंची और दोनों को अपने साथ लखनऊ ले गई। पुलिस के अनुसार नाबालिग छात्रा से जुड़े मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। छात्रा के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों के संपर्क में आने की बात भी जांच का हिस्सा है।