पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव-चार कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार जानकीपुरम स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में हुये प्रतिभा प्रदर्शन कार्यक्रम में छात्राओं ने भारतीय संस्कृति और संस्कार से प्रेरित अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जनविकास महासभा के अध्यक्ष एवं सोक्ट के महासचिव पंकज तिवारी ने विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव के अंतर्गत सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में आयोजित कार्यशाला के दौरान कहा कि बेटियाँ भारत की संस्कृति और संस्कार के साथ मजबूत राष्ट्र निर्माण में भारत की मजबूत आधारशिला हैं इसलिए बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने में संपूर्ण समाज को प्रयास करना चाहिये।
इस अवसर पर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या सुधा तिवारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय की छात्राओं को संयुक्त परिवार के महत्व बताने के साथ साथ उनके दादा-दादी, नाना-नानी को भी विद्यालय में आमंत्रित किया जाता है जिससे बच्चे अपने परिवार के संस्कारों की जड़ो से सदैव जुड़े रहे इसके साथ ही सुधा तिवारी ने कहा कि प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का ना केवल सर्वागीण विकास होता है वरन उनके अन्दर पढ़ाई के दौरान होने वाला तनाव भी कम होता है।
इस अवसर पर विद्यालय की झरना यादव ने स्वरचित कविता आओ विद्यार्थियों मिलकर एक उत्सव मनाए, अपनी प्रतिभा से अपनी पहचान बनाए, ये मंच मिला है तो कुछ करके दिखाए, जग में अपना नाम कमाए। सुरों से सुर मिलाकर कुछ गीत सजाये, अपनी प्रतिभा से अपनी पहचान बनाए। कुछ करके दिखाने का,ये समय कभी ना गंवाये, अपनी प्रतिभा से अपनी पहचान बनायें प्रस्तुत की।