आई आई एम रोड पर भीषण आग, डेयरी-फर्नीचर समेत आधा दर्जन से ज्यादा दुकानें जलकर राख

आठ फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने एक घण्टे की मशक्कत के बाद पाया काबू, लाखों का नुकसान

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के आईआईएम रोड स्थित मुतक्कीपुर में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से डेयरी, फर्नीचर, किराना, जनरल स्टोर, वेल्डिंग, चाय और एसी रिपेयरिंग समेत छह दुकानें जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से कुल सात फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और वाटर बाउजर बुलाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार रात करीब 11:30 बजे सड़क किनारे बनी बंद दुकानों में से एक दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। बीकेटी फायर स्टेशन के प्रभारी प्रशांत कुमार साहू ने बताया कि रात 11:51 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर बीकेटी से दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए इंदिरानगर, चौक और हजरतगंज फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, वाटर बाउजर और मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल मौके पर भेजी गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) समेत वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

आग में मोहम्मद शानू की न्यू भारत दूध डेयरी, मोहम्मद एजाज अहमद की लकड़ी फर्नीचर की दुकान, बलराम त्रिपाठी की चाय की दुकान, नदीम जनरल स्टोर, फाजिल बेग की वेल्डिंग की दुकान, हसीन किराना स्टोर और अमीर बेग की एसी रिपेयरिंग की दुकान पूरी तरह जल गईं। दुकानदारों का कहना है कि उनकी वर्षों की मेहनत और लाखों रुपये का सामान आग में स्वाहा हो गया। फायर ब्रिगेड और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *