मुख्य सामग्री पर जाएं
हिंदी संस्करण
पायनियर स्वतंत्र · निष्पक्ष · निर्भीक
उत्तर प्रदेश

लखनऊ की शाम वीर गाथाओं के नाम, ‘स्मृतिका’ लाइट एंड साउंड शो शुरू

मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को शाम 7 बजे शो, शनिवार-रविवार को दो प्रस्तुतियां लखनऊ के ईवनिंग टूरिज्म में जुड़ा शौर्य और सैन्य विरासत का नया अध्याय स्मृतिका के जरिए हर पीढ़ी तक पहुंचेगी वीरता और बलिदान की गाथा: जयवीर सिंह पायनियर समाचार…

साझा करें WhatsAppFacebookX
लखनऊ की शाम वीर गाथाओं के नाम, ‘स्मृतिका’ लाइट एंड साउंड शो शुरू
  • मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को शाम 7 बजे शो, शनिवार-रविवार को दो प्रस्तुतियां
  • लखनऊ के ईवनिंग टूरिज्म में जुड़ा शौर्य और सैन्य विरासत का नया अध्याय
  • स्मृतिका के जरिए हर पीढ़ी तक पहुंचेगी वीरता और बलिदान की गाथा: जयवीर सिंह

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। ऐतिहासिक स्थलों और खान-पान के लिए प्रसिद्ध लखनऊ में अब ईवनिंग टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में लखनऊ कैंट स्थित स्मृतिका वॉर मेमोरियल में लाइट एंड साउंड शो शुरू किया गया है। करीब 35 मिनट के इस शो में रोशनी, संगीत, ध्वनि और वीडियो के माध्यम से भारतीय सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान की गाथा प्रस्तुत की जाती है। इससे पर्यटकों को दिन के साथ शाम के समय भी लखनऊ की विरासत और इतिहास से जुड़ने का नया अवसर मिल रहा है।

पर्यटकों और शहरवासियों की सुविधा के लिए शो के समय भी तय कर दिए गए हैं। यह शो नि:शुल्क होगा। मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को शाम 7 बजे से 7:35 बजे तक शो होगा। शनिवार और रविवार को शाम 7 बजे से 7:35 बजे और रात 8 बजे से 8:35 बजे तक दो प्रस्तुतियां होंगी। सोमवार और गुरुवार को शो नहीं होगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन को केवल दर्शनीय स्थलों तक सीमित न रखकर अनुभव आधारित पर्यटन के रूप में विकसित कर रही है। स्मृतिका का लाइट एंड साउंड शो इतिहास और सैन्य विरासत को नई पीढ़ी के लिए रोचक और यादगार अनुभव में बदलने की पहल है। हमारे सैनिकों के शौर्य और बलिदान की गाथा हर पीढ़ी तक पहुंचे, यही इस प्रयास का उद्देश्य है।”

रोशनी और संगीत के साथ जीवंत होगी शौर्य गाथा
स्मृतिका में होने वाला लाइट एंड साउंड शो अपने आप में खास है। इसमें स्मारक की दीवारों और परिसर को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। कहानी के साथ देशभक्ति संगीत, आवाज और वीडियो का इस्तेमाल किया जाता है। रोशनी और प्रोजेक्शन के जरिए स्मारक की दीवारों पर सैनिकों के शौर्य और सैन्य इतिहास से जुड़ी कहानियां दिखाई जाती हैं। करीब 35 मिनट का यह शो परिवारों, विद्यार्थियों, युवाओं और पर्यटकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका मकसद लोगों को सैन्य इतिहास और सैनिकों के शौर्य से आसान और रोचक तरीके से जोड़ना है, ताकि वे इसे केवल पढ़ें नहीं, बल्कि एक अनुभव के रूप में महसूस भी कर सकें।

लखनऊ के ईवनिंग टूरिज्म को मिल रहा नया विस्तार
स्मृतिका का लाइट एंड साउंड शो लखनऊ के ईवनिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम है। रेजीडेंसी में जहां अवध की विरासत और 1857 की घटनाएं जीवंत होती हैं, वहीं स्मृतिका में भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान की गाथा दिखाई जाती है। लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका, राष्ट्र प्रेरणा स्थल और लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट जैसे नए पर्यटन आकर्षण जुड़ रहे हैं। लखनऊ दर्शन डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस भी पर्यटकों को शहर के प्रमुख स्थलों से जोड़ रही है। वहीं यूनेस्को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी की पहचान से लखनऊ के खान-पान को वैश्विक पहचान मिली है। इन प्रयासों से लखनऊ में दिन के साथ शाम के समय भी पर्यटन के नए विकल्प बढ़ रहे हैं।

सैन्य विरासत और पर्यटन का अनूठा संगम
स्मृतिका सेंट्रल कमांड वॉर मेमोरियल भारतीय सेना के जवानों के शौर्य और बलिदान को समर्पित है। यहां लाइट एंड साउंड शो के जरिए सैनिकों की वीरता और उनकी गौरवगाथा को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इस शो के माध्यम से लखनऊ आने वाले पर्यटकों को सैन्य इतिहास और देश के वीर जवानों से जुड़ी कहानियां जानने का मौका मिलेगा। इससे शहर के पर्यटन अनुभव में एक नया रंग जुड़ रहा है और ईवनिंग टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। यह शो करीब 8.95 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार किया गया है। इसे हेडक्वार्टर सेंट्रल कमांड ने उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) के सहयोग से विकसित किया है।