लोन दिलाने का झांसा देकर ठगे 61,800 रुपये, साइबर हेल्पडेस्क ने कराए वापस
-कैराना के तसलीम से जुलाई में हुई थी ऑनलाइन ठगी, शिकायत पर पुलिस ने बैंक से किया पत्राचार

कैराना। ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी के शिकार हुए कैराना निवासी व्यक्ति को साइबर हेल्पडेस्क की कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने पीड़ित के खाते से ठगे गए 61,800 रुपये की पूरी रकम वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों और साइबर हेल्पडेस्क टीम का आभार जताया।
कैराना के मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी तसलीम पुत्र सईद ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को अज्ञात व्यक्ति ने उसे ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके बैंक खाते से 61,800 रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्पडेस्क कैराना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंकों से पत्राचार किया और ठगी गई रकम को वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद रविवार को पीड़ित को उसके ठगे गए 61,800 रुपये वापस मिल गए। रकम वापस मिलने पर तसलीम ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी कैराना, प्रभारी निरीक्षक और साइबर हेल्पडेस्क टीम के प्रति आभार जताया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिल चौधरी, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी अनिल कुमार और कांस्टेबल मानवेन्द्र प्रताप शामिल रहे।



