पायनियर संवाददाता। प्रतापगढ़
कंधई थाना क्षेत्र की बिजहरा चौकी के प्रभारी पर रिश्वत मांगने के आरोप के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जानकारी के अनुसार, कंधई थाना क्षेत्र के परानपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि जमीन संबंधी एक मामले में कोर्ट से जारी वारंट के सिलसिले में बिजहरा चौकी प्रभारी विकास कुमार ने उन्हें चौकी पर बुलाया था।
पीड़ित का आरोप है कि चौकी पहुंचने पर उनका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया गया और मामला निपटाने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रुपये न देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया। प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए बिजहरा चौकी प्रभारी विकास कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।