कुरियर अपडेट करने का झांसा देकर महिला के खातों से उड़ाए 1.25 लाख

मोबाइल की स्क्रीन ब्लैक होते ही तीन बैंक खातों से निकली रकम
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। पारा क्षेत्र में साइबर ठगों ने कुरियर अपडेट करने के नाम पर एक महिला को अपना शिकार बना लिया। पारा थाना क्षेत्र के राजाजीपुरम स्थित तुलसी बिहार निवासी अंजू सिंह के तीन बैंक खातों से 1.25लाख रुपए पार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के मुताबिक, गत 27 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने इंटरनेशनल कुरियर कंपनी का कर्मचारी बनकर फोन किया। आरोपी ने पार्सल नहीं पहुंचने की बात कहकर जानकारी और पता अपडेट करने के नाम पर एक प्रक्रिया पूरी कराई।
इसके तुरंत बाद महिला के मोबाइल की स्क्रीन ब्लैक हो गई और फोन बंद हो गया। कुछ ही देर में एसबीआई, एक्सिस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के खातों से रकम कटने के संदेश आ गए।पीड़िता ने गत 28 सितंबर को साइबर क्राइम सेल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पारा पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



