खतौली ग्रामीण क्षेत्र में चार क्लिनिक सील, पंजीकरण और शैक्षिक योग्यता के अभिलेख नहीं मिले

-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लाडपुर और भुड़ मीरापुर रोड पर की कार्रवाई, नोटिस जारी कर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की
पायनियर समाचार सेवा, खतौली। खतौली। जिले में अपंजीकृत क्लिनिक, अस्पताल, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब के संचालन पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर खतौली ग्रामीण क्षेत्र में विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान वैध पंजीकरण और शैक्षिक योग्यता से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चार क्लिनिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम लाडपुर और भुड़ मीरापुर रोड स्थित क्लिनिकों की जांच की। जांच के दौरान मौके पर संचालकों की ओर से वैध पंजीकरण और आवश्यक शैक्षिक योग्यता से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके अलावा संचालक भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए आस्था क्लिनिक, वेल हेल्थ केयर एंड यूनानी सेंटर, सागर डेंटल क्लिनिक और प्रवेश डेंटल क्लिनिक के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई पूरी की। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना वैध पंजीकरण के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों में खलबली मची हुई है। विभाग की ओर से अपंजीकृत क्लिनिक, नर्सिंग होम, डेंटल सेंटर और पैथोलॉजी लैब के संचालन से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच अभियान चलाया जा रहा है।



