पीलीभीत। देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृतियों को सहेजने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-730 स्थित पूरनपुर का कारगिल शहीद पार्क, जो लंबे समय से उपेक्षा और जर्जर अवस्था का शिकार था, अब जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा।
कुछ दिन पहले सामाजिक संस्था “नेकी की दीवार” ने पार्क की बदहाल स्थिति को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के संज्ञान में लाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पार्क के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और आवश्यक विकास कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की यह पहल केवल पार्क के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है। पार्क के सौंदर्यीकरण से यह स्थल न केवल आकर्षक बनेगा, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होगी।
इसी क्रम में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल शहीद पार्क में एक गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे तथा देशभक्ति, स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
नेकी की दीवार सामाजिक संस्था ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि शहीदों की स्मृतियों का संरक्षण और सम्मान हर नागरिक की जिम्मेदारी है। संस्था ने जनपदवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।










