कन्या पूजन कर 1400 छात्राओं को मुख्यमंत्री ने बांटी साइकिलें

‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत अब तक 28,000 साइकिलों का हो चुका है वितरण, 1.50
लाख छात्राओं तक लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
नई दिल्ली। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने
शुक्रवार को शालीमार बाग स्थित सीएम श्री स्कूल में कन्या पूजन किया। इस दौरान शालीमार
बाग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाली कक्षा 9 की लगभग 1,400
छात्राओं को मुख्यमंत्री ने साइकिलें वितरित की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं
के लिए स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना, परिवहन संबंधी कठिनाइयों को कम करना और
उन्हें अपनी शिक्षा निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति
सम्मान, समानता और उनके महत्व को स्वीकार करने का संदेश है। भारतीय संस्कृति में बेटियों
को शक्ति, ज्ञान, करुणा और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। कन्या पूजन की वास्तविक
भावना तभी सार्थक होती है, जब समाज बेटियों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा,
सुरक्षा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के समान अवसर भी प्रदान करे।
मुख्यमंत्री ने साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान कहा कि यह पहल विशेष रूप से कक्षा 9 की
छात्राओं को ध्यान में रखकर की गई है, क्योंकि यह उनकी शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण
पड़ाव है। इस समय छात्राओं की आकांक्षाओं को प्रोत्साहित करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना
और आगे की पढ़ाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। विद्या
वाहिनी योजना के अंतर्गत अब तक दिल्ली में 28,000 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है।
सरकार का लक्ष्य कुल 1.50 लाख साइकिलें वितरित करने का है।



