जलस्तर बढ़ा तो गांव पहुंचे डीएम, नाव व दवाओं की व्यवस्था पर जोर

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। भारी बारिश के बाद बढ़े जलस्तर से प्रभावित बीकेटी के लासा और अकड़िया कला गांवों में सोमवार को डीएम विशाख जी ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव और आवागमन की स्थिति देखी तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। डीएम ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने और जरूरत के अनुसार नावों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में देरी नहीं होनी चाहिए|जलभराव वाले गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर जरूरी दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने को कहा साथ ही जलस्तर और बारिश पर लगातार नजर रखने तथा स्थिति बिगड़ने पर तत्काल राहत-बचाव शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व,एसडीएम बीकेटी,तहसीलदार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



