नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत, नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे भारतीयों की स्थिति और कुशलक्षेम का पता लगाने के लिए ‘‘हरसंभव प्रयास’’ कर रहा है।
जयशंकर ने एक उच्चस्तरीय बैठक करने के बाद यह जानकारी दी। इस बैठक में काठमांडू और बीजिंग में तैनात भारतीय राजदूत भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल हुए। इससे पहले, नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बताया था कि नेपाल-तिब्बत सीमा के कुछ हिस्सों में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता हजारों लोगों में करीब 300 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘नेपाल में बाढ़ की आपदा को लेकर मैंने विदेश सचिव, विदेश मंत्रालय की टीम और काठमांडू तथा बीजिंग में हमारे राजदूतों के साथ स्थिति की समीक्षा बैठक की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बाढ़ प्रभावित इलाकों में मौजूद सभी भारतीयों की स्थिति और कुशलक्षेम का पता लगाने के लिए तत्काल प्रयास किए जा रहे हैं।’’ विदेश मंत्री ने बताया कि उनका मंत्रालय विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, टूर ऑपरेटर्स और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मामले के साथ-साथ राहत कार्यों को लेकर भी नेपाल के अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय में काम कर रहे हैं।’’ नेपाल के अधिकारियों के अनुसार, अचानक आई बाढ़ में कम से कम 177 लोगों की मौत हुई है।