- गाजियाबाद में 12 लाख उपभोक्ताओं में से 2 लाख की प्रक्रिया अभी बाकी
- एजेंसियां चला रहीं विशेष अभियान और शिविर
पायनियर समाचार सेवा। गाजियाबाद
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी (इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर) नहीं कराई है, उन्हें 15 अगस्त तक यह प्रक्रिया हर हाल में पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं का गैस कनेक्शन बंद किया जा सकता है।
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि गाजियाबाद जिले में करीब 12 लाख घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 10 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि करीब दो लाख उपभोक्ताओं की प्रक्रिया अभी लंबित है। शेष उपभोक्ताओं तक पहुंचने के लिए गैस एजेंसियों द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं को मोबाइल संदेश भेजकर ई-केवाईसी कराने की अपील कर रही हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि तय समय सीमा से पहले सभी पात्र उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार ई-केवाईसी अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं की सही पहचान सुनिश्चित करना, निष्क्रिय गैस कनेक्शनों का सत्यापन करना और पुराने रिकॉर्ड को अपडेट करना है। कई उपभोक्ताओं के पते और मोबाइल नंबर बदल चुके हैं, जबकि कुछ कनेक्शनों पर लंबे समय से गैस सिलेंडर नहीं लिया गया है। ऐसे सभी कनेक्शनों का सत्यापन किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा विशेष शिविरों में बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। कई गैस कंपनियों ने अपने अधिकृत मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी बॉय के माध्यम से भी ई-केवाईसी कराई जा सकती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें। उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन कर ई-केवाईसी की स्थिति देख सकते हैं। इसके अलावा संबंधित गैस एजेंसी, डिलीवरी बॉय या गैस कंपनी के कस्टमर केयर से उपभोक्ता संख्या बताकर भी अपने कनेक्शन का स्टेटस पता किया जा सकता है।
ऐसे कराएं ई-केवाईसी
- गैस एजेंसी पर बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए
- कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में
- विशेष ई-केवाईसी शिविरों में
- गैस कंपनी के अधिकृत मोबाइल ऐप/डिजिटल प्लेटफॉर्म से (जहां सुविधा उपलब्ध हो)
- घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी बॉय के माध्यम से
ऐसे जांचें अपना स्टेटस
- गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करें
- गैस एजेंसी पर उपभोक्ता (कंज्यूमर) नंबर देकर जानकारी लें
- डिलीवरी बॉय से पूछें
- गैस कंपनी के कस्टमर केयर पर कॉल कर स्टेटस की पुष्टि करें
मुख्य बिंदु:
- गाजियाबाद में करीब 12 लाख घरेलू एलपीजी उपभोक्ता।
- 10 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी।
- करीब 2 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी बाकी।
- एजेंसियां एसएमएस भेजकर और विशेष शिविर लगाकर अभियान चला रही हैं।
- सत्यापन का उद्देश्य सही पहचान सुनिश्चित करना, निष्क्रिय कनेक्शनों की जांच और पुराने रिकॉर्ड को अपडेट करना है।
- जिन उपभोक्ताओं के पते या मोबाइल नंबर बदल चुके हैं अथवा लंबे समय से सिलेंडर नहीं लिया गया है, उनके कनेक्शनों का विशेष सत्यापन किया जा रहा है।










