हरियाणा का 10 वर्षीय बालक रास्ता भटककर पहुँचा झिंझाना, कैराना पुलिस ने परिजनों से मिलाया

-मदरसे में पढ़ता है हरियाणा का बालक, मिशन शक्ति टीम की तत्परता से परिवार से हुआ मिलन
कैराना। रास्ता भटककर परिजनों से बिछड़े 10 वर्षीय बालक को कैराना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। बालक हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली का निवासी है। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और शामली पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, बालक मदरसे में शिक्षा ग्रहण करता है। वह एक अन्य बालक के साथ झिंझाना क्षेत्र में आ गया था। यहां दूसरा बालक उसे छोड़कर चला गया, जिससे वह रास्ता भटक गया। बालक के बारे में जानकारी मिलने पर कैराना थाने की मिशन शक्ति टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की और बातचीत के जरिए उसके घर व परिजनों की जानकारी जुटाई। पुलिस टीम ने प्रयास कर परिजनों से संपर्क स्थापित किया और बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।



