गोसाईपुर-गौराबादशाहपुर मार्ग के चौड़ीकरण को मिली मंजूरी

18.75 करोड़ की स्वीकृति, पहली किश्त के रूप में 9.37 करोड़ जारी
पायनियर । जौनपुर
विधानसभा क्षेत्र जफराबाद अंतर्गत धर्मापुर क्षेत्र के गोसाईपुर-सेवईनाला-गौराबादशाहपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को शासन से मंजूरी मिल गई है। सुभासपा विधायक जगदीश नारायण राय ने बुधवार शाम धर्मापुर ब्लॉक क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव स्थित अपने आवास पर शासन से प्राप्त पत्र दिखाते हुए इसकी जानकारी दी।
विधायक ने बताया कि उनके प्रयास से गोसाईपुर से सेवईनाला, सेवईनाला से कुछमुछ गांव होते हुए गौराबादशाहपुर तक कुल 10.400 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने लोक निर्माण विभाग को 18 करोड़ 75 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही बाजार एवं गांव के बीच आवश्यक स्थानों पर नाली निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के उप सचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण में स्वीकृत धनराशि की पहली किश्त के रूप में 9 करोड़ 37 लाख रुपये लोक निर्माण विभाग को अवमुक्त कर दिए गए हैं। विधायक के अनुसार यह धनराशि विभाग को प्राप्त भी हो चुकी है।
विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि उक्त मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। मार्ग के खराब होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रीय जनता द्वारा लंबे समय से मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग की जा रही थी। इसको लेकर उन्होंने लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर शासन स्तर पर लगातार प्रयास किया।
विधायक ने बताया कि बजट की पहली किश्त प्राप्त होने के बाद लोक निर्माण विभाग, जौनपुर द्वारा जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद सड़क निर्माण एवं संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। मार्ग के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।



