पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ।सरोजनीनगर इलाके में शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक एक सीएनजी गैस भरे सिलेंडरों से लदी चलती डीसीएम में आग लग गई। गाड़ी के इंजन से तेज धुआं और आग की लपटें उठती देख उसका ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग खड़ा हुआ। बाद में राहगीरों से सूचना पाकर सरोजनीनगर फायर स्टेशन से दो और आलमबाग फायर स्टेशन से पहुंची एक दमकल गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद कुछ देर में ही आग पर काबू पा लिया। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार तड़के सीएनजी गैस भरे सिलेंडरों से लदी डीसीएम (एनएल 01 एजे 5567) मोहनलालगंज रोड की तरफ जाने के लिए सरोजनीनगर स्थित दरोगाखेड़ा के पास कानपुर रोड से किसान पथ पर चढ़ रही थी।
तभी डीसीएम के इंजन से तेज धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगी। यह देख डीसीएम का चालक घबरा गया और गाड़ी किनारे खड़ी कर वहां से भाग खड़ा हुआ। बाद में राहगीरों ने इसकी सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी। सूचना के बाद सरोजनीनगर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। साथ ही एक दमकल गाड़ी आलमबाग फायर स्टेशन से मंगाई गई। इसके बाद तीन दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कुछ देर में ही आग पर काबू पा लिया। फायर कर्मियों के मुताबिक उनके द्वारा समय पर पहुंचकर अगर जल्द मोर्चा संभालते हुए घेराबंदी कर आग को काबू नहीं किया जाता तो सीएनजी गैस सिलेंडरों में भी आग लग सकती थी। इससे घटना बड़ी और गंभीर हो सकती थी। फिलहाल आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।










