पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। आशियाना इलाके में डेढ़ वर्ष पूर्व बिजली विभाग का फर्जी एसडीओ बनकर एक डेवलपर को टेंडर और मकान बनाने के ठेका दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ठगी करने वाले कथित एसडीओ को आशियाना पुलिस ने शनिवार को औरंगाबाद अंडरपास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आशियाना इंस्पेक्टर गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि शारदा नगर योजना रुचि खंड प्रथम में रहने वाले डेवलपर कंपनी के संचालक राम तीरथ पांडेय की शिकायत पर नवंबर 2024 में देवेन्द्र तिवारी पुत्र राजबली तिवारी निवासी 05 वीरामपुर संत रविदास नगर जनपद भदोही के खिलाफ धोखाधड़ी,अमानत में ख्यानत समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश किया जा रहा था।
आरोपित ने अपने आप को बिजली विभाग का एसडीओ बताकर और फर्जी आई कार्ड दिखा कर डेवलपर को अपने झांसे में फंसा विश्वास में लेकर दोस्ती बना लिया था और पीड़ित डेवलपर को उसकी कंपनी के नाम पर टेंडर दिलाने और मकान बनाने का ठेका दिलाने पर 64 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया था। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में टीम गठित किया गया था जिसे शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर औरंगाबाद अंदरपास से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुआ है। गिरफ्त में आए जालसाज के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया गया है।