पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। एसटीएफ ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा 50 हजार का इनामी अभियुक्त युसुफ अंसारी उर्फ आसिफ अंसारी को बरेली से गिरफ्तार किया। अभियुक्त थाना मोठ, जनपद झांसी में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित था। एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि अभियुक्त युसुफ अंसारी उर्फ आसिफ अंसारी वर्ष 2025 में अपने सहयोगियों राहुल कुमार, जय प्रकाश और पवन पाण्डेय के साथ डीसीएम में मछली के दाने की बोरियों की आड़ में गांजा लोड कराया था।
डीसीएम को राहुल कुमार और जय प्रकाश लेकर बिजनौर जा रहे थे। इसी दौरान एसटीएफ ने उन्हें पकड़ लिया था। इस कार्रवाई के बाद थाना मोठ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में युसुफ अंसारी फरार चल रहा था। अपनी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित होने की जानकारी मिलने के बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। मामले में उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 का पुरस्कार घोषित था। इसी क्रम में सोमवार को बदायूँ बरेली नेशनल हाईवे, चांदपुर बल्लिया रोड तिराहे पर थाना क्षेत्र भमौरा, जनपद बरेली से उसे गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा पूछताछ में अभियुक्त युसुफ अंसारी उर्फ आसिफ अंसारी ने बताया कि वह अपने सहयोगियों के साथ गांजा तस्करी के गिरोह में सक्रिय रूप से शामिल था और गिरोह छत्तीसगढ़ के रायपुर से गांजा लाकर बिजनौर और आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचता था।