जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को देर सायं आगामी मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने हेतु जिला शान्ति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने मुहर्रम के जुलूसों को निर्धारित मार्ग एवं परंपरागत स्वरूप बनाए रखने तथा किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्थाए, सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा नर्देश प्रदान किए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि मुहर्रम के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा एम्बुलेंस, सीएचसी, पीएचसी एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को पूर्ण रूप से तैयार रखा जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड में कार्य करते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और एक्स ई एन जल निगम को जुलूस मार्गों की सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा नगर निकायों को साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जुलूसों में स्वयंसेवकों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए तथा नेहरू युवा केंद्र एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवियों की सहभागिता भी सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही तहसील के अधिकारियों को सतर्क रहने तथा तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में पूर्व में त्योहारों का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया है और मुहर्रम को भी उसी प्रकार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा जिसके लिए पुलिस विभाग के द्वारा सभी तैयारी पूर्ण कर ली गयी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी तथा ताजियों की ऊंचाई एवं चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना अथवा समस्या के लिए पुलिस एवं प्रशासन 24 घंटे उपलब्ध है। इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित शांति समिति के सदस्य एवं जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।










